जमानत पर छूटे दुष्कर्म आरोपी के घर के बाहर देर रात बवाल, चाकू लहराकर दी धमकी

पटाखा बम फेंककर किया हंगामा, पुलिस ने दो नाबालिग समेत छह आरोपियों को दबोचा

रायपुर । रायपुर के कबीरनगर थाना क्षेत्र स्थित हीरापुर वीर सावरकर नगर में जमानत पर जेल से बाहर आए दुष्कर्म के आरोपी के घर के सामने देर रात जमकर हंगामा किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने घर के बाहर गालीगलौज और शोर-शराबा करते हुए पटाखा बम फेंका तथा परिवार के लोगों को चाकू दिखाकर धमकाया। घटना के बाद इलाके में देर रात तक दहशत का माहौल बना रहा।

पुलिस के मुताबिक यह घटना 23 और 24 मई की दरम्यानी रात करीब एक बजे की है। बताया जा रहा है कि कुछ युवक आरोपी के घर के बाहर पहुंचे और जोर-जोर से हंगामा करने लगे। इसी दौरान उन्होंने पटाखा बम फेंककर डराने की कोशिश की। शोर सुनकर घर के सदस्य छत पर पहुंचे और बाहर का नजारा देखने लगे। आरोप है कि इस दौरान बदमाशों ने उन्हें चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी।

घटना की सूचना मिलते ही कबीरनगर पुलिस हरकत में आई और तत्काल जांच शुरू की गई।पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामले में कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चाकू भी बरामद किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों में वीर सावरकर नगर निवासी 20 वर्षीय सोनू पटेल, जरवाय निवासी 21 वर्षीय आकाश पासवान, हीरापुर निवासी 22 वर्षीय सूरज सिंह, जामुल निवासी 18 वर्षीय शेख कलीम के अलावा दो नाबालिग अपचारी बालक और एक बालिका शामिल हैं।

पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की वजह की जांच की जा रही है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!