सरायपाली-बसना क्षेत्र में निर्माण कार्य प्रभावित, प्रशासनिक कार्रवाई की मांग तेज
सारंगढ़ बिलाईगढ़ क्षेत्र में इन दिनों रेत की कालाबाजारी चरम पर पहुंच गई है। सारंगढ़ क्षेत्र से रेत लेकर सरायपाली और बसना की ओर जा रहे ट्रैक्टर संचालक एवं रेत कारोबारी खुलेआम मनमाने दामों पर रेत बेच रहे हैं। इससे आम नागरिकों, मजदूरों और छोटे निर्माण कार्य कराने वाले लोगों को भारी आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, रेत की निर्धारित दरों की अनदेखी करते हुए कई ट्रैक्टर मालिक और चालक अपनी मर्जी से कीमत तय कर रहे हैं। हालात यह हैं कि एक ही ट्रैक्टर रेत के लिए अलग-अलग लोगों से अलग-अलग राशि वसूली जा रही है। मजबूरी में घर निर्माण, मरम्मत और अन्य कार्य करा रहे लोग ऊंचे दाम चुकाने को विवश हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेत की उपलब्धता कम होने और निगरानी के अभाव का फायदा उठाकर कुछ कारोबारी मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। इससे न केवल निर्माण लागत बढ़ रही है, बल्कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट भी बिगड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि रेत परिवहन और बिक्री की नियमित जांच कर कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही दोषी ट्रैक्टर संचालकों और अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
जनता का सवाल:
“जब शासन द्वारा रेत के लिए नियम और दरें निर्धारित हैं, तो फिर खुलेआम मनमानी कीमत वसूलने वालों पर कार्रवाई कब होगी?”
