बस में कपड़ों के गठरों में छिपा था गांजा,

सूरजपुर पुलिस ने किया करोड़ों के नशे का पर्दाफाश

सिलफिली बस स्टैंड के पास कार्रवाई, चालक समेत 6 महिला तस्कर गिरफ्तार, 4.15 करोड़ रुपये का गांजा जब्त

रायपुर/ छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। सिलफिली बस स्टैंड के पास की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक यात्री बस से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। मामले में बस चालक सहित छह महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 15 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि एक यात्री बस के माध्यम से बड़ी मात्रा में गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सिलफिली बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर संदिग्ध बस को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान बस में रखे कपड़ों के गठरों में बड़ी चतुराई से छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।

कार्रवाई के समय बस में महिला, पुरुष और बच्चों समेत लगभग 20 यात्री सवार थे। तलाशी के दौरान गांजा मिलने पर पुलिस ने तत्काल बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर बस चालक तथा छह महिला तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में यह मामला अंतरराज्यीय गांजा तस्करी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपियों से पूछताछ कर गांजे की आपूर्ति और इसके गंतव्य के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

सूरजपुर पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!