विधायक अनुज शर्मा के प्रयास रंग लाए, 60 गांवों के हजारों लोगों को रायपुर की दौड़ से मिलेगी राहत
“घर के पास मिलेगी रजिस्ट्री की सुविधा, समय और पैसे दोनों की होगी बचत”
धरसींवा। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों को अब जमीन-मकान की रजिस्ट्री और पंजीयन संबंधी कार्यों के लिए राजधानी रायपुर के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। विधायक अनुज शर्मा के लगातार प्रयासों के बाद धरसींवा ब्लॉक मुख्यालय में नवीन उप पंजीयक (उप रजिस्ट्रार) कार्यालय की स्थापना को राज्य शासन ने मंजूरी दे दी है। शासन द्वारा इसकी आधिकारिक अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। नए कार्यालय के शुरू होने से क्षेत्र के 60 गांवों के हजारों लोगों को स्थानीय स्तर पर ही पंजीयन सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
विधायक अनुज शर्मा ने इस उपलब्धि को क्षेत्र के विकास और जनसुविधा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ग्रामीणों को छोटे-छोटे सरकारी कार्यों के लिए रायपुर जाने की मजबूरी समाप्त करना उनकी प्राथमिकता रही है।
अब तक धरसींवा क्षेत्र के लोगों को जमीन की रजिस्ट्री सहित अन्य पंजीयन कार्यों के लिए रायपुर जाना पड़ता था। इससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। कई बार लोगों को पूरे दिन की मशक्कत करनी पड़ती थी। स्थानीय स्तर पर कार्यालय खुलने से यह समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी और राजस्व संबंधी कार्यों में भी तेजी आएगी।
नवीन उप पंजीयक कार्यालय के अंतर्गत धरसींवा सहित 60 गांवों को शामिल किया गया है। इससे ग्रामीणों, किसानों और स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यालय शुरू होने की खबर से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने इसे लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने का परिणाम बताते हुए विधायक अनुज शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार से आम लोगों को राहत मिलेगी और सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी क्षेत्र के विकास के लिए इसी तरह के प्रयास जारी रहेंगे।
इन 60 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ
नवीन उप पंजीयक कार्यालय के अंतर्गत कुरा, भेरवा, पंडरभट्टा, मुरा, भैंसमुड़ा, बरतनारा, अकोली, मनोहरा, देवरी, मेहरशखा, कुकेरा, कुथरैल, मौहागांव, मलौद, सिलयारी, कुरूद, पथरी, तरेसर, मंगसा, पवनी, निलजा, तर्रा, बरबंदा, नेउरडीह, नगरगांव, टोर, गिधौरी, गोढ़ी, मोंहदी, रैता, धरसींवा, तिवरैया, परसतराई, सिलतरा, मुनरेठी, टाडा, मांढर, गिरौद, सौंढ़रा, बहेसर, चिखली, कुम्हारी, सारागांव, दौंदेकला, दौंदेखुर्द, जरौदा, छपोरा, भुरकोनी, टेकारी, चरौदा, बाना, कपसदा, धनेली, सांकरा, निमोरा, कन्हेरा, लालपुर, मटिया, कारा और बोरझरा गांव शामिल हैं।
