किसानों की समस्याओं को लेकर किसान कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा

मुंगेली। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला किसान कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट का घेराव कर प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को 9 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने खाद-बीज संकट, डीजल की उपलब्धता, कृषि बिजली दरों में वृद्धि, धान भुगतान और लंबित अनुदानों सहित कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
किसान कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि खरीफ सीजन की शुरुआत में ही किसानों को खाद के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है। पर्याप्त मात्रा में डीएपी खाद उपलब्ध नहीं होने से खेती-किसानी प्रभावित हो रही है। संगठन ने आरोप लगाया कि वर्तमान व्यवस्था किसानों की परेशानियां बढ़ा रही है और तत्काल सुधार की आवश्यकता है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रति एकड़ एक बोरी खाद वितरण की व्यवस्था समाप्त कर किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार खाद उपलब्ध कराया जाए। साथ ही बड़े किसानों को तीन किश्तों में खाद देने की व्यवस्था बंद कर सभी किसानों को एकमुश्त खाद वितरण सुनिश्चित किया जाए। किसानों को अपनी जरूरत के अनुसार खाद एवं बीज लेने की स्वतंत्रता देने की भी मांग उठाई गई।
किसान कांग्रेस ने ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल की उपलब्धता सुगम बनाने, जरीकेन में डीजल देने की अनुमति प्रदान करने तथा कृषि कार्यों के लिए बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस लेने की मांग की। संगठन ने कृषि पंपों के लिए निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराने की भी मांग रखी।
ज्ञापन में खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने, पूरे प्रदेश में एक समान दर लागू करने तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। इसके अलावा कृषि ऋण (केसीसी) की सीमा बढ़ाकर 40 हजार रुपये प्रति एकड़ करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
किसान कांग्रेस ने धान एवं अन्य कृषि उपज की राशि का एकमुश्त भुगतान सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि किसानों को समय पर भुगतान मिलने से आगामी फसल की तैयारी में सुविधा होगी। वहीं उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, कृषि एवं कृषि अभियांत्रिकी विभाग की योजनाओं में लंबित अनुदान एवं सब्सिडी राशि का शीघ्र भुगतान करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।
कार्यक्रम में प्रदेश किसान कांग्रेस के संगठन प्रभारी अखिल हुसैन, जिला प्रभारी नीरज सोनी, चंद्रभान बरमटे, चुरावन मंगेशकर, श्याम जायसवाल, रामप्रकाश यादव, दीपक गुप्ता, जित्तू आनंद सोनी, काकू पठान, आरिफ खोखर, राजेश छेदैया, लक्ष्मीकांत भास्कर, जलेश यादव जावेद खान कौशल सिंह क्षत्रिय, इन्द्रजीत कुर्रे भूपेंद्र साहू, जीवन बंजारा, शोभा कश्यप, रमेश कश्यप, संतोष जायसवाल, मंजू शर्मा, बिंदु यादव, नामदेव बंजारा, नीरज यादव, योगेश्वर, निखिल, मुकेश, विष्णु खांडे सहित बड़ी संख्या में किसान एवं किसान कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन दिलीप बंजारा ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रदेश महामंत्री आत्मा सिंह क्षत्रिय ने व्यक्त किया।
किसान कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन को और व्यापक रूप देगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!