जनशिकायत पर हुई कार्रवाई, स्वच्छता नियमों की अनदेखी पर निगम ने दिखाई सख्ती
रायपुर। राजधानी में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए शास्त्री बाजार के समीप स्थित होटल मेजबान पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। होटल परिसर में गंदगी और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन की शिकायत मिलने के बाद निगम की टीम ने औचक निरीक्षण किया, जिसमें कई खामियां सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान होटल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। नगर निगम अधिकारियों ने स्वच्छता नियमों के पालन में लापरवाही को गंभीर मानते हुए तत्काल आर्थिक दंड की कार्रवाई की। साथ ही होटल संचालक को भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न होने की चेतावनी देते हुए स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश तथा नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। निगम प्रशासन ने कहा है कि शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने नागरिकों से भी स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने और गंदगी या नियमों के उल्लंघन की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि स्वच्छता के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत दोषियों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
