वित्त मंत्री ओपी चौधरी के जन्मदिन पर युवा मोर्चा सरिया का रक्तदान शिविर, 111 यूनिट रक्त संग्रहित..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के जन्मदिन के अवसर पर युवा मोर्चा सरिया मंडल द्वारा अग्रसेन भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया और बड़ी संख्या में रक्तदान कर जरूरतमंदों के लिए मदद का संदेश दिया।

शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में ओपी चौधरी की धर्मपत्नी अदिति चौधरी उपस्थित रहीं। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। इस अवसर पर कुल 111 यूनिट रक्तदान किया गया, जिसे क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण सामाजिक पहल के रूप में देखा जा रहा है। आयोजकों के अनुसार यह रक्तदान शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए आपातकालीन स्थिति में उपयोगी साबित होगा।

कार्यक्रम के बाद युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रायगढ़ स्थित विधायक निवास पहुंचे, जहां उन्होंने वित्त मंत्री ओपी चौधरी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान युवाओं ने उनके हस्ताक्षर युक्त विशेष टी-शर्ट भी प्राप्त किया, जिसे स्मृति के रूप में महत्वपूर्ण माना गया।

युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष शिवांशु गुरु ने कहा कि 02 जून 2026 का यह दिन संगठन और युवाओं के लिए यादगार रहेगा। उन्होंने रक्तदान शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, रक्तदाताओं और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के जरिए युवाओं में सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूती मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!