सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया नगर पंचायत से लगे विनोद भोजनालय के पीछे सोमवार देर शाम ट्रांसफार्मर में भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेज थी कि ट्रांसफार्मर से लगातार धमाके जैसी आवाजें आने लगीं, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सरिया से कंचनपुर क्षेत्र के एक किसान द्वारा अपने खेत में पैरावट (पराली) में आग लगाई गई थी। यह आग धीरे-धीरे फैलते हुए खेत के पास स्थित ट्रांसफार्मर तक पहुंच गई और कुछ ही देर में ट्रांसफार्मर को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद ट्रांसफार्मर से तेज धमाके की आवाजें सुनाई देने लगीं।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग सुरक्षित दूरी पर हट गए। बताया जा रहा है कि आग फैलते देख संबंधित किसान मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना बिजली विभाग को दी, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की गई।
फिलहाल घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है। विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
