ऑपरेशन बाज के तहत बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। जिले में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत पथरिया पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 36 पाव देशी प्लेन शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिलेभर में जुआ, सट्टा और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में पथरिया पुलिस और साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई की।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अधिक मात्रा में अवैध शराब लेकर मोटरसाइकिल से पथरिया के साप्ताहिक बाजार में बिक्री करने जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने साप्ताहिक बाजार के पास घेराबंदी कर संदिग्धों की निगरानी शुरू की।

कुछ देर बाद हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG-28-H-2671 में दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की। आरोपियों ने अपना नाम संजीव बघेल (36 वर्ष) निवासी अमलडीहा और रोहित डहरिया (45 वर्ष) निवासी अमलडीहा, थाना पथरिया बताया।

गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपियों के पास रखी दो सफेद बोरियों से 36 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई। प्रत्येक पाव 180 एमएल का था। कुल 6.48 बल्क लीटर शराब की कीमत लगभग 2,880 रुपये आंकी गई। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है।

जांच के दौरान आरोपियों के पास शराब परिवहन अथवा बिक्री संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब कारोबार, जुआ और सट्टे के खिलाफ ऑपरेशन बाज के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके और अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!