मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सुशासन तिहार अब जनविश्वास के उत्सव के रूप में उभर रहा है। इसी कड़ी में पथरिया विकासखंड के ग्राम धरदेई में मंगलवार को भव्य समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आमजनों तक योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
अपने संबोधन में विधायक श्री कौशिक ने कहा कि सुशासन तिहार शासन और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर सामने आया है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है, जिससे उन्हें विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से आयुष्मान कार्ड, वय वंदना कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, ऋण पुस्तिका और नामांतरण जैसी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
इस अवसर पर विधायक ने ग्राम धरदेई के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने प्राथमिक शाला भवन निर्माण के लिए 12 लाख रुपये, सांस्कृतिक मंच निर्माण के लिए 12 लाख रुपये तथा सीसी रोड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही मुक्तिधाम परिसर एवं प्रतीक्षालय, आंगनबाड़ी भवन, व्यावसायिक परिसर भवन तथा सीसी रोड का लोकार्पण भी किया गया।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने अपने संबोधन में शिक्षा को भविष्य निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि जिले ने शिक्षा गुणवत्ता अभियान के तहत उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में मुंगेली जिले ने परीक्षा परिणामों में प्रदेश स्तर पर बड़ी छलांग लगाई है, जो शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और नियमित संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, प्रशासनिक अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि बनने के लिए प्रेरित किया।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
समाधान शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहियों को सामग्री एवं सहायता राशि वितरित की गई। सहकारिता विभाग द्वारा 25 हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) चेक प्रदान किए गए, जबकि 16 लोगों को श्रमिक पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। समाज कल्याण विभाग की ओर से आठ हितग्राहियों को छड़ी और एक दिव्यांग हितग्राही को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान की गई।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 80 हितग्राहियों को चक्रीय निधि, सामुदायिक निवेश कोष तथा लखपति दीदी प्रमाण पत्र दिए गए। इसके अलावा 10वीं और 12वीं की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। खाद्य विभाग ने 10 हितग्राहियों को राशन कार्ड, स्वास्थ्य विभाग ने आठ लोगों को आयुष्मान कार्ड तथा कृषि विभाग ने 10 किसानों को अरहर मिनी किट वितरित की। मत्स्य पालन विभाग की ओर से दो हितग्राहियों को महाजाल और आइस बॉक्स प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा, जिला पंचायत सभापति अम्बालिका साहू, अनिला देवेन्द्र राजपूत, जनपद पंचायत अध्यक्ष चित्ररेखा जांगड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
10 जून को मुंगेली में लगेगा समाधान शिविर
सुशासन तिहार के तहत अगला समाधान शिविर 10 जून को सतनाम भवन, मुंगेली में आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में नगर पालिका मुंगेली के वार्ड क्रमांक 16, 17, 18, 19 और 22 के नागरिकों को शामिल किया गया है। शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभ भी वितरित किया जाएगा। प्रशासन ने संबंधित वार्डों के नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।
