टोल-फ्री नंबर, मोबाइल अनुप्रयोग और ऑनलाइन व्यवस्था से जनता सीधे शासन तक पहुंचा सकेगी अपनी बात
नवा रायपुर। प्रदेश में सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने नव स्थापित कॉल सेंटर का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का अवलोकन किया तथा अधिकारियों से शिकायतों के पंजीयन, निगरानी और निराकरण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से प्रदेशवासी अपनी शिकायतें, सुझाव और समस्याएं सीधे शासन तक पहुंचा सकेंगे। नागरिक टोल-फ्री नंबर 1076, मोबाइल अनुप्रयोग, ऑनलाइन पोर्टल अथवा लिखित पत्र के माध्यम से अपनी बात दर्ज करा सकते हैं। प्रत्येक शिकायत की लाइव ट्रैकिंग, सतत मॉनिटरिंग तथा समयबद्ध निराकरण की व्यवस्था की गई है, जिससे शिकायतों के निपटारे में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
उन्होंने बताया कि यदि किसी आवेदक को समाधान से संतुष्टि नहीं होती है तो उसकी शिकायत की पुनः समीक्षा का भी प्रावधान रखा गया है। इससे शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण को बढ़ावा मिलेगा और आम जनता का विश्वास शासन व्यवस्था में और मजबूत होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य शासन को अधिक संवेदनशील, उत्तरदायी और जनकेंद्रित बनाना है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आमजन और शासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम बनेगी तथा अंतिम व्यक्ति तक सुशासन की पहुंच सुनिश्चित करेगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री दयाल दास बघेल एवं गुरु खुशवंत साहेब सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। नई व्यवस्था से प्रदेश में जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण की उम्मीद बढ़ गई है।
