स्वावलंबी भारत अभियान के तहत व्यापारिक स्टाफ के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का होगा आयोजन

भिलाई। स्वावलंबी भारत अभियान के अंतर्गत व्यापारिक संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को अधिक दक्ष, आत्मनिर्भर एवं उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।

छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज के महामंत्री श्री अजय भसीन ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से व्यापारिक स्टाफ को आधुनिक व्यापारिक प्रक्रियाओं, ग्राहक सेवा, प्रबंधन कौशल, कार्यस्थल अनुशासन तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी। इससे कर्मचारी अपने कार्यों को अधिक कुशलता एवं जिम्मेदारी के साथ संपादित कर सकेंगे, जिससे व्यापारिक संस्थानों की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।

बैठक का आयोजन स्वावलंबन केंद्र, भिलाई में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व हिन्दू जनजागृति समिति के श्री कमल बिस्वाल करेंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों को केवल कार्यकुशल बनाना ही नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, नैतिकता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है, ताकि वे संस्थानों की उन्नति में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि व्यापारिक सफलता केवल तकनीकी दक्षता पर निर्भर नहीं करती, बल्कि अच्छे संस्कार, नैतिक मूल्यों एवं आध्यात्मिक चेतना का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है। अध्यात्म व्यक्ति के चरित्र निर्माण में सहायक होता है तथा उसे सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जीवन में गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा गया कि गुरु का मार्गदर्शन व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों से उबारकर सफलता के पथ पर अग्रसर करता है।

वक्ताओं ने व्यापारिक जगत में मालिक और कर्मचारियों के बीच विश्वास एवं पारदर्शिता को सबसे बड़ी पूंजी बताया। उनका कहना था कि जब संस्थान में आपसी भरोसा, सम्मान और सहयोग का वातावरण होता है, तभी स्थायी प्रगति संभव होती है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य इसी विश्वास को और अधिक मजबूत करना है, ताकि व्यापारिक संस्थान आर्थिक विकास के साथ-साथ सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों को भी आत्मसात कर सकें।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से आयोजित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक व्यापारी एवं उनके कर्मचारी इसका लाभ प्राप्त कर सकें। स्वावलंबी भारत अभियान की यह पहल स्थानीय व्यापार जगत को नई दिशा प्रदान करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बैठक में हेमंत अरोरा, गौरव मोंगिया, टीना सातपुते, अमन मिश्रा, माधुरी परासर एवं युवा आयाम प्रमुख विजय मिश्रा सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!