मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर धरसीवाँ में धार्मिक आयोजन

विधायक अनुज शर्मा ने मुक्तेश्वर शिव मंदिर में किया रुद्राभिषेक, सैकड़ों लोगों ने ग्रहण किया महाप्रसाद

“12 साल सेवा, सुशासन और विकास के नाम – धरसीवाँ में आस्था के साथ मनाया गया ऐतिहासिक अवसर

धरसीवाँ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के सफल कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में धरसीवाँ विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। ग्राम चरौदा स्थित मुक्तेश्वर शिव मंदिर में विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में विशेष रुद्राभिषेक और भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीणों ने सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ हुई। विधायक अनुज शर्मा ने भगवान शिव का विधिवत रुद्राभिषेक कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं देश की निरंतर प्रगति की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने भी राष्ट्र की सुख-समृद्धि और विकास के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है। आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, खाद्यान्न सुरक्षा, आधारभूत संरचना और डिजिटल सेवाओं के विस्तार ने देश के करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने के साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी मजबूती प्रदान की है। रक्षा, अर्थव्यवस्था, सड़क, रेल और तकनीकी विकास के क्षेत्रों में देश ने नई ऊंचाइयों को छुआ है। विधायक शर्मा ने प्रधानमंत्री को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य के शीघ्र साकार होने का विश्वास व्यक्त किया।

रुद्राभिषेक के पश्चात आयोजित भंडारे में सैकड़ों लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की उपलब्धियों पर चर्चा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।अंत में सभी श्रद्धालुओं को भोग प्रसाद वितरण कर कार्यक्रम का समापन किया गया।

आयोजन में क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। कार्यक्रम धार्मिक आस्था, जनसहभागिता और संगठनात्मक उत्साह का प्रतीक बनकर सामने आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!