प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज पुसौर द्वारा प्रतिभा सम्मान एवं कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम संपन्न..

रायगढ़// प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज पुसौर के तत्वावधान में ग्राम रनभाठा में प्रतिभा सम्मान एवं कैरियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुसौर अंचल के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए कैरियर संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ परमपूज्य बाबा गुरु घासीदास जी के छायाचित्र एवं जय स्तंभ पर दीप प्रज्वलन, पूजन-वंदन तथा बुद्ध वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर 50 प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं जवाहर नवोदय विद्यालय में चयनित छात्रों का विशेष सम्मान किया गया। बाबा गुरु घासीदास के उपदेशों के मनोवैज्ञानिक अध्ययन विषय पर पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले डॉ. दासरथी जांगड़े का भी विशेष रूप से सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र बताते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करने का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि छात्र पहले अपना लक्ष्य तय करें और फिर उसे प्राप्त करने के लिए पूरी लगन और मेहनत से प्रयास करें। अतिथियों ने महापुरुषों के आदर्शों पर चलने तथा सफलता प्राप्त करने के बाद समाज के उत्थान में योगदान देने की भी अपील की।

कार्यक्रम में उपस्थित पालकों, छात्रों और समाज के सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही समाज और देश का भविष्य हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को प्रेरणा देने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षता कर रहे परदेशी रात्रे ने सभी अतिथियों, पालकों, विद्यार्थियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!