प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ऋण स्वीकृति एवं वितरण, स्वरोजगार को मिला नया प्रोत्साहन
रायपुर। नगर निगम मुख्यालय में आयोजित लोक कल्याण मेला एवं स्वनिधि महोत्सव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना (पीएम स्वनिधि) के अंतर्गत ऋण प्राप्त कर आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रहे हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र एवं ऋणादेश वितरित किए गए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना विशेष रूप से छोटे व्यवसायियों, रेहड़ी-पटरी संचालकों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। योजना के माध्यम से लाभार्थियों को व्यवसाय विस्तार के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार के साथ-साथ आर्थिक सशक्तिकरण को भी बढ़ावा मिल रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने हितग्राहियों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने में छोटे उद्यमियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार की विभिन्न योजनाएं ऐसे लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम में एआईयूसीसी सदस्य खेमकुमार सेन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे। इस दौरान लाभार्थियों को उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएं भी दी गईं। आयोजन के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने और आर्थिक आत्मनिर्भरता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता-मिनल चौबे
रायपुर नगर निगम की महापौर मिनल चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना ने छोटे व्यापारियों, रेहड़ी-पटरी संचालकों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को आत्मनिर्भर बनाना ही इस योजना का मुख्य उद्देश्य है। मिनल चौबे ने लाभार्थियों से योजनाओं का पूर्ण लाभ उठाकर अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
