बैंक मित्र और च्वाइस सेंटर संचालकों को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार

मिर्ची पाउडर और चाकू के दम पर देते थे वारदात को अंजाम, पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दबोचा।

रायपुर/अभनपुर । रायपुर ग्रामीण पुलिस ने बैंक मित्र और च्वाइस सेंटर संचालकों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों ने अभनपुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं को अंजाम देकर लाखों रुपये की नकदी लूट ली थी।

पुलिस के अनुसार पहली घटना ग्राम सारखी में हुई, जहां बैंक मित्र पोषण लाल साहू से करीब 2 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूट लिया गया था। दूसरी घटना ग्राम हसदा क्षेत्र में हुई, जहां च्वाइस सेंटर संचालक उमेन्द्र कुमार देवांगन से लगभग 1.50 लाख रुपये नकद लूट लिए गए थे। दोनों घटनाओं में आरोपियों ने पहले पीड़ितों पर मिर्ची पाउडर फेंका और फिर चाकू दिखाकर उन्हें धमकाते हुए नकदी लेकर फरार हो गए।

घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा अभनपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया तथा मुखबिरों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की।

लगातार जांच और निगरानी के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम और वारदात में उपयोग किए गए सामान को भी बरामद किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है तथा आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों से जुड़े होने की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!