कुंरा में फर्जी पट्टा और जल संकट पर कांग्रेस का घेराव, निष्पक्ष जांच की मांग

फर्जी दस्तावेजों से पट्टा जारी होने का आरोप, पेयजल समस्या और जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा को लेकर प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा

धरसीवां/कुंरा। ब्लाक मुख्यालय धरसीवां से लगे नगर पंचायत कुंरा में कथित फर्जी आवासीय पट्टा प्रकरण, गहराते पेयजल संकट और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा को लेकर कांग्रेस पार्टी ने प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धरसीवां के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मामला केवल पट्टा वितरण में अनियमितता तक सीमित नहीं है, बल्कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर आवासीय पट्टे तैयार किए जाने का है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। नेताओं ने कहा कि शिकायतों के बावजूद अब तक न तो किसी जिम्मेदार व्यक्ति पर कार्रवाई हुई है और न ही एफआईआर दर्ज की गई है, जिससे जनता के बीच संदेह और आक्रोश बढ़ रहा है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष भावेश बघेल ने कहा कि नगर पंचायत कुंरा में फर्जी पट्टा बनाए जाने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी मामले को दबाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन शुरू करेगी।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आशीष वर्मा ने कहा कि कुंरा क्षेत्र में फर्जी पट्टा प्रकरण के साथ-साथ पेयजल संकट भी गंभीर रूप ले चुका है। गर्मी के मौसम में लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन प्रशासन समाधान के लिए ठोस कदम नहीं उठा रहा है। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच और त्वरित कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान पार्षदों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन पर पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि नगर पंचायत के महत्वपूर्ण मामलों में निर्वाचित प्रतिनिधियों की राय को नजरअंदाज किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों ने मांग की कि फर्जी पट्टा प्रकरण की सच्चाई सार्वजनिक की जाए और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता के अधिकारों, पारदर्शिता और न्याय की लड़ाई आगे भी जारी रखेगी तथा कुंरा की जनता को पेयजल सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संघर्ष करती रहेगी।

इनकी रही उपस्थित

भावेश बघेल, उधोराम वर्मा, आशीष वर्मा, दुर्गेश वर्मा, सुरेश साहू, राजा भैया, ढालेंद्र वर्मा, हरिशंकर निषाद, साहिल, प्रमोद शर्मा, पंकज नायक, शेखर यादव, लेखू वर्मा, मंजू वर्मा, लक्ष्मी साहू, खूबी डहरिया, तुका साहू, श्रेयांश परगनिहा, सीतल वर्मा, बंटी वर्मा, आयुष वर्मा, चंदन चंद्रवंशी, नारद साहू, मधु वर्मा, निर्मल मार्कण्डे, योगेश्वर वर्मा, आकाश गहरवार, सुशील खुटे, भगवानी डहरिया, पिंकू वर्मा, मुकेश शर्मा, सोहराब खान, इजराइल खान, रंजीत सायतोड़े, राजू सायतोड़े, कमल साहू, मोहन साहू, पार्षद ढालचंद पाल, उमेश भतरिया, बसंत रजक, उमेश देवांगन, जगतु देवांगन, टिकेश्वरी हरीश, रेखराज देवांगन, रिजवान खान, पूर्व पार्षद प्रेमलाल पाल, मीना चौहान, प्रमिला देवांगन, जीतू कोसले, चंदन देवांगन, रतन सोलंकी, कान्हा वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!