धरसींवा में जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए 3 दिवसीय वृहद पंजीयन शिविर, दूसरे दिन उमड़ी भीड़

नागरिकों ने विभिन्न योजनाओं के लिए कराया पंजीयन, आज शिविर का अंतिम दिन

पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में मिलेगा योजनाओं का लाभ

रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन एवं जिला प्रशासन रायपुर के निर्देशानुसार धरसींवा स्थित सेवा सदन विधायक कार्यालय धरसीवां में आयोजित तीन दिवसीय वृहद पंजीयन एवं जनसमस्या निवारण शिविर का दूसरा दिन शुक्रवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक त्वरित रूप से पहुंचाना है।

शिविर में धरसींवा क्षेत्र के नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं के लिए नवीन पंजीयन, दस्तावेज संशोधन तथा समस्याओं के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत किए। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मौके पर ही आवेदनों की जांच कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

शिविर में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, वाहन चालक लाइसेंस , महतारी वंदन योजना, पीएम स्वनिधि योजना, जल जीवन मिशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, उज्ज्वला योजना तथा श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित किए गए हैं। संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्रता अनुसार आवेदन भी स्वीकार किए गए।

आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित कर रहे हैं। प्राप्त आवेदनों को ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा के भीतर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।

तीन दिवसीय इस विशेष शिविर का आज शनिवार को अंतिम दिन है। प्रशासन ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि जिन हितग्राहियों ने अभी तक शासन की योजनाओं के लिए पंजीयन नहीं कराया है या किसी प्रकार की त्रुटि सुधार एवं समस्या के निराकरण हेतु आवेदन करना चाहते हैं, वे सेवा सदन विधायक कार्यालय पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं।

शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता से शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के अभियान को मजबूती मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!