विधायक अनुज शर्मा ने गार्डन, स्कूल और मुक्तिधाम से जुड़े कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन, जीवन दीप समिति की बैठक में दिए निर्देश
रायपुर/खरोरा। धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के खरोरा नगर पंचायत में शुक्रवार को विकास कार्यों को नई गति मिली, जब विधायक अनुज शर्मा ने करीब 49.96 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न जनसुविधा कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और नागरिक सुविधाओं में विस्तार को सरकार की प्राथमिकता बताया।
कार्यक्रम के तहत वार्ड क्रमांक 8 में 35 लाख रुपये की लागत से गार्डन जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन किया गया। यह गार्डन बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। वहीं वार्ड क्रमांक 3 स्थित पीएम श्री विद्यालय में 9.96 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कक्ष और शौचालय का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 6 में 5 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम जीर्णोद्धार कार्य का भी लोकार्पण किया गया।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि खरोरा नगर पंचायत का समग्र विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिली है और नगर पंचायतों को आवश्यक संसाधनों की कमी नहीं होने दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने का माध्यम हैं।
विधायक ने कहा कि स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं, नागरिकों के लिए गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक स्थल और मुक्तिधाम जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं का सुदृढ़ीकरण सरकार की जनहितैषी सोच को दर्शाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी खरोरा में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य धरातल पर दिखाई देंगे।
लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद विधायक अनुज शर्मा ने स्थानीय स्वास्थ्य विभाग में आयोजित जीवन दीप समिति की बैठक में भाग लिया। बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को उपचार में किसी प्रकार की परेशानी न हो। अस्पतालों में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इस दौरान अस्पताल परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, स्थानीय नागरिकों और बड़ी संख्या में वार्डवासियों की उपस्थिति रही।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : अनुज शर्मा
जीवन दीप समिति की बैठक में विधायक अनुज शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं, स्वच्छता, दवा उपलब्धता और जनसुविधाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।
