एआरसी हाइट्स स्कूल, मुंगेली में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवसयोगासन और प्राणायाम के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प


मुंगेली । एआरसी हाइट्स स्कूल में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या सारिका ठाकुर, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं विद्यालय स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम के प्रदर्शन के साथ किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी प्राणायाम सहित अनेक योग क्रियाओं का सामूहिक अभ्यास किया। विद्यालय परिसर योगमय वातावरण से सराबोर नजर आया, जहां बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ योगाभ्यास में भाग लिया।

इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को योग के महत्व पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का सशक्त माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त रहकर बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त कर सकता है।

प्राचार्या श्रीमती सारिका ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसने विश्वभर में अपनी उपयोगिता सिद्ध की है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन सकारात्मक बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग करने तथा इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विद्यालय की अध्यक्ष पूर्णिमा सिंह ठाकुर सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं रुचि जायसवाल, निर्मला ठाकुर, कल्पना जैन, निधि कश्यप, आशीष कुर्रे, इमरान खान, पूजा यादव, ममता यादव, सावित्री यादव, अनन्या राजपूत एवं अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रतिवर्ष 21 जून को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!