संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. गायत्री बांधी ने मुंगेली जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सराहास्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर


मुंगेली। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं बिलासपुर डॉ. गायत्री बांधी ने 19 जून 2026 को मुंगेली जिले के स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जिले में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की।

निरीक्षण की शुरुआत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दशरंगपुर से हुई। यहां डॉ. बांधी ने लेबर रूम, वैक्सीन स्टोरेज, दवा स्टोर, पट्टी कक्ष, प्रसूति वार्ड, योगा पटल तथा शौचालय की साफ-सफाई का निरीक्षण किया। साथ ही अस्पताल के रजिस्टर एवं अन्य दस्तावेजों का अवलोकन कर स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की जानकारी ली। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीनाक्षी बंजारे के अस्पताल प्रबंधन, नेतृत्व क्षमता तथा स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी रखने की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

इसके बाद डॉ. बांधी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेतगंगा पहुंचीं, जहां उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं एवं महत्वपूर्ण दस्तावेजों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फार्मासिस्ट के कार्य और ज्ञान की प्रशंसा की। वहीं स्थानीय आरएमए को विभागीय योजनाओं की सीमित जानकारी पर कार्य में सुधार लाने हेतु चेतावनी दी।

इसके उपरांत ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. बांधी ने जिला अस्पताल मुंगेली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, अटल आरोग्य लैब, रेडियोलॉजी विभाग, स्कैन एवं एक्स-रे यूनिट, डेंटल यूनिट, डायलिसिस यूनिट, सिकल सेल यूनिट, ब्लड बैंक, दवा वितरण कक्ष, इमरजेंसी तथा अन्य आवश्यक इकाइयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के पश्चात जिला अस्पताल के सभाकक्ष में सीएमएचओ कार्यालय एवं जिला अस्पताल के चिकित्सकीय और नर्सिंग स्टाफ की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में आधार बेस अटेंडेंस, नेक्स्ट जेन एंट्री, आयुष्मान भारत योजना, आभा आईडी, आरसीएच 2.0, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण कार्यक्रम, गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, मौसमी बीमारियों की रोकथाम तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। डॉ. बांधी ने शत-प्रतिशत अधिकारी एवं कर्मचारियों का आधार बेस अटेंडेंस सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है। मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने, आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति, लक्ष्य प्राप्ति तथा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई। डॉ. बांधी ने अधिकारियों से कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला अस्पताल मुंगेली एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरगांव में डीएमएफ मद से स्त्री रोग विशेषज्ञ, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ तथा अस्थिरोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए कलेक्टर से समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रयास करने के निर्देश भी दिए।

भ्रमण एवं समीक्षा बैठक के दौरान संभागीय कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रविशंकर प्रसाद देवांगन भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. शीला साहा, डॉ. गिरीश कुर्रे, डॉ. एमके राय, डॉ. कमलेश कुमार, डॉ. सुदेश रात्रे, डॉ. जीएस दाऊ, डॉ. अमित लाल, डॉ. संदीप पाटिल, सुरभि केशरवानी सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!