सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों एवं किरायेदारों का सघन सत्यापन, संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर
रायपुर, । रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा बाहरी राज्यों से आने वाले श्रमिकों एवं किरायेदारों के सत्यापन के उद्देश्य से शनिवार को विशेष सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत शुक्ला तथा उप पुलिस अधीक्षक विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना धरसीवा और चौकी सिलतरा पुलिस की संयुक्त टीमों ने औद्योगिक क्षेत्र की श्रमिक बस्तियों, किराये के मकानों तथा विभिन्न फैक्ट्रियों में व्यापक जांच एवं सत्यापन किया।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी धरसीवा एवं चौकी प्रभारी सिलतरा के नेतृत्व में गठित दो पुलिस टीमों ने क्षेत्र में रह रहे श्रमिकों और किरायेदारों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। इस दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश तथा राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से आए श्रमिकों के आधार कार्ड, पहचान पत्र एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया। पुलिस ने यह भी सुनिश्चित किया कि क्षेत्र में निवास करने वाले सभी व्यक्तियों का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहे।
पुलिस ने मकान मालिकों एवं फैक्ट्री प्रबंधन को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्हें सभी किरायेदारों एवं श्रमिकों का पूरा विवरण, पहचान संबंधी दस्तावेज तथा मोबाइल नंबर अपने पास सुरक्षित रखने और समय-समय पर पुलिस सत्यापन कराने की समझाइश दी गई। साथ ही क्षेत्र में रहने वाले लोगों को कानून व्यवस्था का पालन करने, किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अन्य राज्यों से अपराध कर क्षेत्र में छिपने वाले अपराधियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विशेष जांच और सत्यापन के दौरान किसी भी संदिग्ध रोहिंग्या अथवा बांग्लादेशी नागरिक की मौजूदगी नहीं मिली। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण बनाए रखने के लिए इस प्रकार के सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेंगे और संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर बनी रहेगी।
रायपुर ग्रामीण पुलिस की इस कार्रवाई से उद्योग प्रबंधन, श्रमिकों एवं स्थानीय नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए इसे अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा बाहरी व्यक्तियों की संदिग्ध मौजूदगी की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल 112 पर दें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों के सहयोग से ही सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराधमुक्त समाज का निर्माण संभव है। इसी उद्देश्य के साथ रायपुर ग्रामीण पुलिस “सतर्क पुलिस- सुरक्षित समाज” के संकल्प को प्रभावी रूप से आगे बढ़ा रही है ।
