*योग शारीरिक शक्ति, मानसिक शांति और संतुलित जीवन का मूल आधार है


*योग केवल व्यायाम नहीं, स्वस्थ जीवन की जीवनशैली है :
*अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुर में हुआ योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम*
मुंगेली/पदमपुर। अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुर में योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मियों एवं उपस्थित ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बंजारा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने की एक संपूर्ण जीवनशैली है। नियमित योग करने से तनाव, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा तथा अनेक जीवनशैली जनित बीमारियों के जोखिम को कम किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि स्वस्थ रहने के लिए प्रतिदिन कम से कम 30 से 45 मिनट योग एवं प्राणायाम करना लाभकारी है। साथ ही लोगों को यह भी जानकारी दी गई कि कुछ बीमारियों में विशेष सावधानी आवश्यक होती है। जैसे उच्च रक्तचाप एवं हृदय रोग में कठिन एवं उल्टे आसनों से बचना चाहिए, वहीं कमर दर्द, स्लिप डिस्क या हर्निया से पीड़ित व्यक्तियों को योग विशेषज्ञ की सलाह से ही योग करना चाहिए।
डॉ. बंजारा ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग हमें दवाओं पर निर्भर होने से बचाने, मानसिक शांति बनाए रखने और बेहतर स्वास्थ्य की दिशा में आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।
“हर दिन योग, हर दिन स्वास्थ्य — यही निरोग और खुशहाल जीवन का आधार है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!