एक बार फिर युवा पार्षद रोशन सोनी ने जनहित में उठाई आवाज, वर्षों पुराने तालाब को पुनर्जीवित करने कलेक्टर से की मांग
मुंगेली। शहर में लगातार गिरते भू-जल स्तर और बढ़ते जल संकट को देखते हुए एंड्रूज वार्ड क्रमांक 19 के युवा पार्षद रोशन सोनी ने एक बार फिर जनहित का महत्वपूर्ण मुद्दा उठाते हुए जिला कलेक्टर से वर्षों पुराने सार्वजनिक तालाब की पुनः खुदाई एवं जलभराव सुनिश्चित करने की मांग की है।
रोशन सोनी ने बताया कि बिलासपुर रोड स्थित राज प्रॉपर्टी के सामने वर्षों से संचालित सार्वजनिक तालाब को भूमाफियाओं द्वारा पाटकर प्लॉटिंग करने का प्रयास किया गया था, जिस पर प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद कार्य रुक गया है। अब उन्होंने मांग की है कि उक्त स्थल को पुनः तालाब के रूप में विकसित कर उसकी खुदाई कराई जाए, जिससे वर्षा जल का संचय हो सके और शहर के गिरते भू-जल स्तर में सुधार हो।
पार्षद रोशन सोनी ने कहा कि तालाबों का संरक्षण केवल जल संकट का समाधान नहीं है, बल्कि पर्यावरण एवं प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि इस मांग पर अमल होता है तो यह पूरे शहर के लिए मील का पत्थर साबित होगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संरक्षण का एक सशक्त उदाहरण बनेगा।
उन्होंने कहा कि “मैं हमेशा जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का कार्य करता रहूंगा, ताकि आम जनता को सुविधाओं का लाभ मिले, जल संरक्षण को बढ़ावा मिले और प्रकृति का संतुलन बना रहे।”
स्थानीय नागरिकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे शहर के हित में उठाया गया एक दूरदर्शी कदम बताया है। जनहित के मुद्दों को लगातार उठाने वाले युवा पार्षद रोशन सोनी की यह मांग शहरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित हो सकती है।
