15 लाख की हाइवा ट्रक चोरी का 24 घंटे में खुलासा, आरोपी खिलावन पात्रे गिरफ्तार

उरला पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता, चोरी की ट्रक बरामद।

रायपुर। उरला थाना क्षेत्र में 15 लाख रुपये कीमत की हाइवा ट्रक चोरी के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी खिलावन पात्रे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई ट्रक भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार प्रार्थी मीराम यादव ने उरला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह जेएसडब्ल्यू इस्पात लिमिटेड में इलेक्ट्रिकल इंचार्ज के पद पर कार्यरत है। उसके नाम से पंजीकृत हाइवा ट्रक (क्रमांक CG 07 CA 5157) का संचालन चालक बजरंगबली मौर्य करता है। 20 जून 2026 की शाम चालक ने ट्रक को जेएसडब्ल्यू प्लांट के पास उरला में खड़ा किया था और घर चला गया। अगले दिन सुबह करीब 9 बजे जब वह वापस लौटा तो ट्रक मौके से गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई पता नहीं चलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर और एसीपी उरला पूर्णिमा लामा के निर्देशन में उरला थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा मुखबिरों को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस आरोपी खिलावन पात्रे तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने ट्रक चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 15 लाख रुपये कीमत की चोरी गई हाइवा ट्रक बरामद कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!