‘ऑपरेशन बाज’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 54 हजार रुपए का गांजा जब्त; महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार


मुंगेली। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध गांजा कारोबार में संलिप्त एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 किलो 653 ग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 54 हजार रुपए बताई जा रही है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस लोरमी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में साइबर सेल और मुंगेली पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

मुखबिर की सूचना पर गातापार में दबिश

पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 की सुबह लगभग 8 बजे थाना चिल्फी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गातापार के स्कूल मैदान के पास रहने वाली एक महिला अपने साथी के साथ घर में अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री की तैयारी कर रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी।

महिला के बैग से मिला 1.849 किलो गांजा

पुलिस ने संदिग्ध महिला गुलाबा बाई मंगेशकर (45 वर्ष), निवासी गातापार स्कूल मोहल्ला, थाना चिल्फी के घर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैंगनी रंग के टूरिस्ट बैग से दो पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। पहले पैकेट का वजन 876 ग्राम और दूसरे का 973 ग्राम पाया गया। इस तरह महिला के कब्जे से कुल 1 किलो 849 ग्राम गांजा जब्त किया गया।

साथी के पास भी मिला गांजा

कार्रवाई के दौरान महिला के साथी अमित कुमार खाण्डे (40 वर्ष), निवासी लमकेना, थाना कोटा, जिला बिलासपुर की भी तलाशी ली गई। उसके गुलाबी रंग के थैले से दो पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। पहले पैकेट का वजन 898 ग्राम और दूसरे का 906 ग्राम पाया गया। कुल 1 किलो 804 ग्राम गांजा जब्त किया गया।

दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 3 किलो 653 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत करीब 54 हजार रुपए आंकी गई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को 24 जून 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे या अवैध गतिविधियों से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयास और प्रभावी हो सकें।

इस कार्रवाई में निरीक्षक रघुवीर लाल चंद्रा (थाना चिल्फी प्रभारी), उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी (प्रभारी साइबर सेल), पीएसआई केसो राम देवांगन, साधना यादव तथा साइबर सेल और थाना चिल्फी स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!