मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, शराब, बाइक और मोबाइल सहित 1.19 लाख रुपये का सामान जब्त।
रायपुर,। खमतराई थाना पुलिस ने अवैध रूप से अंग्रेजी शराब का परिवहन कर बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 102 पौवा (18.360 बल्क लीटर) अंग्रेजी शराब, परिवहन में प्रयुक्त दुपहिया वाहन और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 1 लाख 19 हजार 240 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 25 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेटल पार्क, रावांभाठा क्षेत्र में एक युवक दुपहिया वाहन से बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा है। सूचना मिलते ही खमतराई थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम जितेन्द्र निषाद (22) निवासी नया बेन्द्री, थाना उरला, जिला रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसकी बाइक पर रखी दो प्लास्टिक की बोरियों से गोल्डन गोवा व्हीस्की के 180-180 मिलीलीटर वाले कुल 102 सीलबंद पौवा बरामद हुए। इनमें एक बोरी में 50 तथा दूसरी में 52 पौवा शराब रखी गई थी।
पुलिस ने आरोपित से करीब 12,240 रुपये मूल्य की शराब, लगभग एक लाख रुपये कीमत की दुपहिया वाहन तथा 7 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन जब्त किया। मामले में आबकारी अधिनियम के प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अवैध शराब के स्रोत और नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
