खमतराई पुलिस ने दो चोरी की बैटरियां बरामद कर तीन आरोपियों को भेजा न्यायिक रिमांड, आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
रायपुर,। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना पुलिस ने ई-रिक्शा से बैटरी चोरी के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो बैटरियां बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है। मामले में चोरी करने वाले आरोपी के साथ चोरी का सामान खरीदने वाले दो लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, भनपुरी निवासी राजू सोनी ने खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 24 जून की रात उनके घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा से अज्ञात व्यक्ति दो बैटरियां चोरी कर ले गया। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोदवारा स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक व्यक्ति चोरी की बैटरियां बेचने की कोशिश कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर राय सिंह उर्फ प्रकाश को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने ई-रिक्शा से बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद उसने दोनों बैटरियां दीपक कुमार उर्फ दीपू और किशुन उर्फ किशन को पांच-पांच हजार रुपये में बेच दी थीं।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दोनों खरीदारों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में यह सामने आया कि दोनों को बैटरियां चोरी की होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उन्होंने उन्हें खरीद लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बैटरियां बरामद कर जब्त कर लीं।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं।
