केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के साथ अंतरराष्ट्रीय बिजनेस डेलिगेशन से लौटे डॉ. जितेंद्र गुप्ता का भव्य स्वागत

वैश्विक मंच पर छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता को मिली नई पहचान

भिलाई। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में यूनाइटेड किंगडम में आयोजित उच्चस्तरीय अंतरराष्ट्रीय बिजनेस डेलिगेशन में सहभागिता के बाद उद्योग चेम्बर भिलाई के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र गुप्ता के स्वदेश लौटने पर रायपुर एवं भिलाई में उनका भव्य स्वागत किया गया। उद्योग एवं व्यापार जगत ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

रायपुर एयरपोर्ट पर छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी, प्रदेश महामंत्री अजय भसीन, अनिल जोतसिंघनी सहित चेम्बर पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर डॉ. गुप्ता का स्वागत किया।

इसके बाद भिलाई के छावनी चौक में आयोजित स्वागत समारोह में उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधियों, चेम्बर पदाधिकारियों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्रा एवं प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने किया। इस दौरान पुष्पमालाओं एवं पुष्पगुच्छों से उनका सम्मान किया गया।

प्रदेश महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि डॉ. जितेंद्र गुप्ता का इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय बिजनेस डेलिगेशन में शामिल होना केवल भिलाई ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के उद्योग जगत के लिए गौरव का विषय है। इससे प्रदेश के उद्योगों को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिलेगी।

भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्रा ने बताया कि बिजनेस डेलिगेशन के दौरान आयोजित बिजनेस प्लेनरी एवं एमएसएमई संवाद सत्र में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उद्योगपतियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इस दौरान भारत सरकार की उद्योग, निवेश, निर्यात संवर्धन तथा एमएसएमई विकास से जुड़ी नीतियों पर विस्तार से जानकारी साझा की गई।

चेम्बर के चेयरमैन दिनकर बसोतिया ने कहा कि इस प्रतिनिधिमंडल से भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच व्यापार, निवेश, तकनीकी सहयोग, उन्नत विनिर्माण, हरित ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग की नई संभावनाएं विकसित होंगी।

डॉ. जितेंद्र गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह यात्रा केवल एक प्रतिनिधिमंडल कार्यक्रम नहीं थी, बल्कि छत्तीसगढ़ के एमएसएमई एवं विनिर्माण क्षेत्र के लिए वैश्विक अवसरों का महत्वपूर्ण द्वार साबित हुई है। इस दौरान स्थापित हुए अंतरराष्ट्रीय संपर्क, प्राप्त अनुभव और संभावित व्यापारिक साझेदारियां प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई गति देंगी।

उन्होंने भारत सरकार, एफआईसीसीआई, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज तथा सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय दौरे से प्राप्त अनुभवों और अवसरों का लाभ प्रदेश के उद्योगपतियों, व्यापारियों और युवा उद्यमियों तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में भिलाई चेम्बर अध्यक्ष गार्गी शंकर मिश्रा, पंकज सेठी, उद्योग चेम्बर के महेश बंसल, बृजमोहन अग्रवाल, विनोद सोनी, सरोजनी पाणिग्रही, माधुरी पाराशर, मनोहर कृष्णानी, लक्ष्मण बकतानी, अखिलेश सिंह, निरंकार सिंह सहित बड़ी संख्या में उद्योगपति, चेम्बर पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से उक्त जानकारी शंकर सचदेव द्वारा प्रदान की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!