रोटरी क्लब ऑफ भिलाई स्टील सिटी का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न, डॉ. संतोष राय ने संभाली अध्यक्ष की जिम्मेदारी

समाज सेवा, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल का लिया संकल्प

भिलाईनगर, 08 जुलाई 2026। रोटरी क्लब ऑफ भिलाई स्टील सिटी का शपथ ग्रहण समारोह मंगलवार को भिलाई के एक निजी होटल में गरिमामय एवं भव्य वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में रोटरी परिवार के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (2026-27) रोटेरियन आलम सिंह रूपरा थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी जनरल रोटेरियन अजय अग्रवाल एवं पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन शशांक रस्तोगी उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल तथा क्लब के पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन अशोक सूरी ने समारोह की गरिमा बढ़ाई।

समारोह के दौरान वर्ष 2026-27 के लिए रोटेरियन डॉ. संतोष राय ने अध्यक्ष तथा रोटेरियन पी.एस. बाजवा ने सचिव पद की शपथ ग्रहण की। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए सेवा, नेतृत्व, पारदर्शिता एवं मानवीय मूल्यों के साथ समाजहित में कार्य करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर रोटरी क्लब द्वारा स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, सामाजिक कल्याण एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। साथ ही आगामी वर्ष की सेवा परियोजनाओं एवं जनहितकारी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. संतोष राय ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी क्लब समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य करेगा। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में नई योजनाएं संचालित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

समारोह में बड़ी संख्या में रोटेरियन, समाजसेवी, उद्योगपति एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

उल्लेखनीय है कि रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए रोटेरियन ओलाइंका हकीम बाबालोला ने रोटरी इंटरनेशनल के अध्यक्ष का दायित्व संभाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!