विशेष बातचीत में बोले— लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही मेरे जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य
शिवरीनारायण (जांजगीर-चांपा)। छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय सीजी स्टार कॉमेडियन बरसाती मानिकपुरी (काका बरसाती) ने जांजगीर-चांपा जिले की धार्मिक नगरी शिवरीनारायण धाम पहुंचकर भगवान विष्णु नारायण सहित विभिन्न मंदिरों में दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए भगवान से आशीर्वाद प्राप्त किया।
महानदी, शिवनाथ एवं जोंक (योग) नदी के पवित्र त्रिवेणी संगम पर स्थित शिवरीनारायण धाम छत्तीसगढ़ का एक प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक तीर्थस्थल है। भगवान विष्णु नारायण को समर्पित यह पावन धाम प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र माना जाता है। यह स्थल राम वन गमन पथ से भी जुड़ा हुआ है।
यहीं माता शबरी ने प्रभु श्रीराम का प्रेमपूर्वक स्वागत किया और उन्हें अपने जूठे बेर अर्पित किए। माता शबरी की निष्काम भक्ति और भगवान श्रीराम के प्रति उनके अटूट प्रेम के कारण शिवरीनारायण धाम को विशेष धार्मिक महत्व प्राप्त है।
दर्शन के उपरांत बरसाती मानिकपुरी ने कहा, “भगवान ही हमारे जीवन का सबसे बड़ा सहारा हैं। आज जो कुछ भी हमें प्राप्त है, वह ईश्वर की कृपा से है। मैं भगवान विष्णु नारायण से सभी प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना करता हूं।”
शिवरीनारायण प्रवास के दौरान काका बरसाती से हुई विशेष बातचीत में उन्होंने अपने संघर्ष, सफलता और कॉमेडी के सफर के कई दिलचस्प पहलुओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही उनके जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है। उन्होंने अपने शुरुआती संघर्ष, छत्तीसगढ़ी कॉमेडी के सफर, सोशल मीडिया पर बढ़ती लोकप्रियता तथा आने वाली नई प्रस्तुतियों पर भी खुलकर चर्चा की।
बातचीत के दौरान उन्होंने अपने प्रशंसकों के लिए कई रोचक और हास्यपूर्ण किस्से भी सुनाए, जिससे उपस्थित लोगों के चेहरों पर मुस्कान बिखर गई और पूरा माहौल ठहाकों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने उनके सहज एवं मिलनसार व्यवहार की सराहना की।
इस अवसर पर दिनेश कश्यप (शाखा प्रबंधक, सहकारी सेवा समिति मर्यादित शिवरीनारायण), शांति घासीराम कश्यप (ब्लॉक उपाध्यक्ष, जनपद पंचायत नवागढ़ एवं अध्यक्ष, सहकारी सेवा समिति मर्यादित शिवरीनारायण), वरिष्ठ पत्रकार मेलाराम कश्यप, लाभों कुमार सूर्या (जिला अध्यक्ष, राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं अपराध नियंत्रण ब्यूरो, सारंगढ़-बिलाईगढ़), विष्णु अवतार कश्यप (संभाग अध्यक्ष, बिलासपुर) तथा मंदिर के पूज्य पुजारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
धार्मिक आस्था, संस्कृति और हास्य के सुंदर संगम के बीच संपन्न यह यात्रा श्रद्धालुओं एवं काका बरसाती के प्रशंसकों के लिए यादगार बन गई।
