रायपुर में नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 300 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

एंटी क्राइम, एएनटीएफ और गोलबाजार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, डेढ़ लाख रुपये की सामग्री जब्त; सप्लाई चेन की जांच तेज।

रायपुर । रायपुर पुलिस ने शहर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोलबाजार थाना क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और गोलबाजार थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मोहम्मद अशफाक, शिवम हीमर और तुषार हीमर को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 300 नग प्रतिबंधित नशीली टैबलेट नाइट्रोसन-10 बरामद की गई। इसके अलावा नकदी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1.50 लाख रुपये आंकी गई है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस आरोपियों से नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री, सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि प्रतिबंधित दवाएं कहां से लाई जा रही थीं और इन्हें शहर में किन-किन क्षेत्रों में खपाया जा रहा था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी स्तर पर इसमें शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में मिले सुरागों के आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। साथ ही पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच कर इस अवैध कारोबार से जुड़े सभी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!