पुलिस सहायता केंद्र का हुआ थाना में उन्नयन, क्षेत्रवासियों को अब मिलेगी तेज और सुगम पुलिस सेवा।
धरसीवां । रायपुर जिले के औद्योगिक एवं ग्रामीण क्षेत्र सिलतरा के लिए सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से एक नया अध्याय शुरू हो गया है। लंबे समय से संचालित पुलिस सहायता केंद्र का उन्नयन कर इसे अब औपचारिक रूप से नवीन थाना सिलतरा के रूप में स्थापित कर दिया गया है। नए थाने का शुभारंभ रायपुर ग्रामीण की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा श्रीवास्तव ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, उप पुलिस अधीक्षक माना लम्बोदर पटेल, धर्सींवा थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
अब तक धर्सींवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिलतरा के लोगों को अपनी शिकायतों और अन्य पुलिस संबंधी कार्यों के लिए दूर जाना पड़ता था। नए थाने की स्थापना के बाद क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर ही त्वरित और बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे कानून-व्यवस्था मजबूत होने के साथ अपराध नियंत्रण में भी तेजी आने की उम्मीद है।
नवगठित थाना सिलतरा की कमान निरीक्षक राजेंद्र सिंह कंवर को सौंपी गई है। उनके नाम एक अनूठी उपलब्धि दर्ज हुई है। वे इससे पहले रायपुर के सेजबहार और दुर्ग जिले के वैशालीनगर जैसे नए थानों के भी प्रथम थाना प्रभारी रह चुके हैं। इस तरह वे तीन नए थानों की स्थापना के साथ पहले थाना प्रभारी बनने वाले चुनिंदा पुलिस अधिकारियों में शामिल हो गए हैं। इसे उनकी प्रशासनिक क्षमता, नेतृत्व कौशल और कार्यकुशलता का प्रमाण माना जा रहा है।
पदभार ग्रहण करने के बाद थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कंवर ने कहा कि सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां की चुनौतियां अलग हैं, लेकिन पुलिस टीम पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ काम करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना को और मजबूत किया जाएगा।
वरिष्ठ अधिकारियों ने भी विश्वास जताया कि नया थाना सिलतरा और आसपास के दर्जनों गांवों के लिए सुरक्षा का मजबूत केंद्र साबित होगा। त्वरित पुलिस कार्रवाई से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण होगा और क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
तीन नए थानों की पहली कमान संभाल चुके हैं राजेंद्र सिंह कंवर
नवीन थाना सिलतरा के पहले थाना प्रभारी बनाए गए निरीक्षक राजेंद्र सिंह कंवर के नाम पुलिस विभाग में एक अनूठी उपलब्धि दर्ज हो गई है। इससे पहले वे रायपुर के सेजबहार थाना तथा दुर्ग जिले के वैशालीनगर थाना के भी प्रथम थाना प्रभारी रह चुके हैं। अब सिलतरा जैसे नवगठित थाने की जिम्मेदारी मिलने के साथ वे तीन नए थानों की शुरुआत करने वाले पहले थाना प्रभारी बन गए हैं। पुलिस महकमे में इसे बेहद दुर्लभ उपलब्धि माना जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों का विश्वास है कि उनकी प्रशासनिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी कार्यशैली के बल पर सिलतरा थाना भी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराध नियंत्रण का प्रभावी केंद्र बनेगा।
