टेलीग्राम ग्रुप के जरिए निवेश का झांसा देकर की गई ठगी, रायपुर पुलिस की तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची टीम।
रायपुर । रायपुर पुलिस ने फॉरेक्स ट्रेडिंग में अधिक लाभ दिलाने का प्रलोभन देकर 74 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले दो अंतरराज्यीय साइबर अपराधियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने इंटरनेट और टेलीग्राम ग्रुप का उपयोग कर पीड़ित को निवेश के लिए प्रेरित किया तथा बड़ी राशि हड़प ली। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार न्यू राजेंद्र नगर निवासी बहादुर आर्य ने 17 अप्रैल 2026 को गूगल पर फॉरेक्स ट्रेडिंग से संबंधित जानकारी खोजी थी। इसी दौरान उन्हें एक वेबसाइट के माध्यम से FIRSTIFY नामक टेलीग्राम ग्रुप से जोड़ा गया। ग्रुप के सदस्यों ने कम समय में अधिक मुनाफा मिलने का विश्वास दिलाकर उन्हें और उनके भतीजे को निवेश करने के लिए तैयार किया। दोनों ने अलग-अलग किस्तों में कुल 74 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित कर दिए। राशि जमा होने के बाद आरोपियों ने संपर्क समाप्त कर दिया और न तो लाभ दिया, न ही निवेश की गई रकम लौटाई।
मामले की जांच पुलिस उपायुक्त (अपराध एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की। तकनीकी विश्लेषण के दौरान मोबाइल नंबर, बैंक खातों, टेलीग्राम एवं व्हाट्सएप आईडी सहित अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की गई। बैंक लेनदेन और डिजिटल चेन विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की लोकेशन राजस्थान में मिलने पर पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर जयपुर निवासी 26 वर्षीय मुकेश कुमार मीणा तथा सीकर निवासी 24 वर्षीय संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी करने की बात स्वीकार की है। न्यू राजेंद्र नगर थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(डी) के तहत प्रकरण दर्ज है। पुलिस जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर गिरोह के फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है।
