पत्थर खदान में बोरी के भीतर मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

राखी थाना क्षेत्र के बेंद्री गांव के पास सनसनीखेज वारदात, सिर पर गंभीर चोट के निशान; मृतक की पहचान और आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस।

रायपुर। रायपुर जिले के राखी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब बेंद्री गांव के समीप स्थित एक पत्थर खदान में पानी के ऊपर तैर रही एक बोरी के भीतर युवक का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही राखी थाना पुलिस, न्यायालयीन विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) और अपराध अनुसंधान दल मौके पर पहुंचा तथा जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, शाम करीब छह बजे स्थानीय लोगों ने खदान के पानी में एक बोरी तैरती हुई देखी। बोरी के बाहर मानव पैर दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी को बाहर निकलवाया तो उसके भीतर एक अज्ञात युवक का शव मिला। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शव तीन से चार दिन पुराना है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि किसी भारी पत्थर या कठोर वस्तु से हमला कर युवक की हत्या की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को बोरी में भरकर पत्थर खदान में फेंक दिया गया। हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने आवश्यक पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों, थानों तथा गुमशुदगी के अभिलेखों की जांच की जा रही है। साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित कर वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजा गया है।

राखी थाना पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है। मृतक की पहचान होने के बाद हत्या के कारणों, घटनाक्रम और आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल के आसपास की गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!