हर घर जल प्रमाणीकरण एवं पूर्णता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के दिए निर्देश


मुंगेली । कलेक्टर कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक ली। बैठक में उन्होंने पूर्ण योजनाओं, प्रगतिरत योजनाओं एवं हर घर जल प्रमाणीकरण के प्रगति के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने हर घर जल प्रमाणीकरण कार्य में तेजी लाने एवं शत-प्रतिशत पूर्णता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ठेकेदारों के लंबित देयको के भुगतान के संबंध में भी विस्तार से जानकारी ली और भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायत के सीईओ से भी पूर्णता प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। और पूर्णता प्रमाण पत्र में विलंब करने एवं आवश्यक समन्वय स्थापित नहीं करने पर मुंगेली जनपद पंचायत सीईओ श्री घोषले को नोटिस जारी करने एवं एक सप्ताह की सैलरी काटने के निर्देश दिए। ईई पी एच ई श्री कमल कंवर ने बताया कि मुंगेली जिले के सभी 673 ग्रामों में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 698 योजनाओं का कार्य प्रगति पर है जिसमें 340 से अधिक योजनाओं का कार्य पूर्ण कर 265 से अधिक योजनाओं का हर-हर जल प्रमाणीकरण किया गया है।
कलेक्टर ने क्लोरिनेशन, जलागार एवं टंकियों की सफाई के संबंध में भी जानकारी ली । ईई पी एच ई श्री कंवर ने बताया कि जिले के सभी विकासखण्डों में शत-प्रतिशत क्लोरिनेशन का कार्य किया जा चुका है। कलेक्टर ने जल जनित रोगों से बचाव के आवश्यक उपाय करने, स्कूल आंगनबाड़ी एवं छात्रावासो में टंकियों की सफाई के लिए वृहद अभियान चलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जल जीवन मिशन शासन की महत्वाकांक्षी योजना है, योजनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण लाभ सुनिश्चित करना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में पी एच ई विभाग के एसडीओ, सब इंजीनियर सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!