श्रद्धा और भक्ति के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा, सरिया में उमड़ा आस्था का सैलाब..

सारंगढ़-बिलाईगढ़// नगर पंचायत सरिया में भगवान जगन्नाथ की पावन रथयात्रा श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के माहौल में धूमधाम से निकाली गई। गांधी चौक में भव्य मेले का आयोजन किया गया, जहां सरिया के चार मंदिरों से भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और बलभद्र (बलदाऊ) की सुसज्जित रथों का आगमन हुआ। रथों के पहुंचते ही पूरा क्षेत्र “जय जगन्नाथ” के जयघोष से गूंज उठा। सरिया सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे और भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। छोटे-छोटे बच्चों को भगवान के रथ पर चढ़ाकर पुजारियों ने चरण स्पर्श कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सुखद जीवन की कामना करते हुए विशेष आशीर्वाद दिया। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। मेले में परिवारों, महिलाओं और बच्चों की भारी भीड़ रही, जिससे पूरा गांधी चौक धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।

धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आषाढ़ शुक्ल द्वितीया को निकाली जाती है। इस दिन भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और बलभद्र अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए रथ पर सवार होकर नगर भ्रमण करते हैं। मान्यता है कि रथयात्रा में शामिल होकर भगवान के रथ का दर्शन या रथ को खींचने से जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है तथा भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि हर वर्ष हजारों श्रद्धालु इस पावन अवसर का बेसब्री से इंतजार करते हैं।

गांधी चौक मुख्य मार्ग पर होने के कारण रथयात्रा और मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखना भी बड़ी चुनौती थी। इसे देखते हुए सरिया थाना प्रभारी अपनी पूरी पुलिस टीम के साथ पूरे नगर में मुस्तैद रहे। पुलिस ने वाहनों की आवाजाही को सुव्यवस्थित करते हुए यातायात को सुचारू बनाए रखा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। धार्मिक आस्था, सामाजिक सौहार्द और प्रशासन की बेहतर व्यवस्था के बीच संपन्न हुई यह रथयात्रा नगरवासियों के लिए यादगार बन गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!