ध्वनि प्रदूषण फैलाने पर पद्मनाभपुर पुलिस की कार्रवाई, नियमों के पालन की अपील
दुर्ग, 17 जुलाई 2026। ध्वनि प्रदूषण एवं सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के विरुद्ध दुर्ग पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए डीजे वाहन एवं उपकरण जब्त कर लिए।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 12:30 बजे रात्रिकालीन गश्त के दौरान सिविल लाइन क्षेत्र में एक आयशर वाहन (क्रमांक CG 07 CZ 5690) में अत्यधिक तेज ध्वनि में डीजे बजाया जा रहा था। तेज आवाज के कारण आसपास के क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था तथा आम नागरिकों की शांति एवं सुविधा प्रभावित हो रही थी।
सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए कोलाहल नियंत्रण अधिनियम की धारा 10 के अंतर्गत डीजे वाहन एवं उसमें लगे ध्वनि उपकरणों को जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार जब्त डीजे के संचालक की पहचान वसीम (38 वर्ष), निवासी जलेबी चौक, भिलाई के रूप में हुई है।
दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों, डीजे संचालकों एवं आयोजनकर्ताओं से अपील की है कि निर्धारित समय सीमा एवं ध्वनि मानकों का पालन करें तथा सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
