जिला मुख्यालय के चक्रपाणी मल्टीपरपस आत्मानंद स्कूल में पूरक परीक्षा के दौरान लापरवाही उजागर

केंद्राध्यक्ष परीक्षा के समय मिलीं नदारद , कलेक्टर के निर्देश पर जारी हुआ कारण बताओ नोटिस

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर द्वारा आयोजित द्वितीय अवसर (पूरक) परीक्षा-2026 के दौरान जिला मुख्यालय स्थित चक्रपाणी मल्टीपरपस स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में परीक्षा संचालन में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। आकस्मिक निरीक्षण के दौरान केंद्राध्यक्ष अपनी ड्यूटी के बावजूद परीक्षा केंद्र पर अनुपस्थित पाई गईं।

जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को आयोजित पूरक परीक्षा के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय केंद्राध्यक्ष परीक्षा केंद्र में मौजूद नहीं थीं। जबकि परीक्षा अवधि में केंद्राध्यक्ष की निरंतर उपस्थिति अनिवार्य होती है और वही परीक्षा संचालन, गोपनीयता, निष्पक्षता एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की प्रमुख जिम्मेदार अधिकारी होती हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर के निर्देश पर संबंधित केंद्राध्यक्ष को कारण बताओ (शो कॉज) नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि परीक्षा के दौरान उनकी अनुपस्थिति शासकीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही एवं कर्तव्यहीनता को दर्शाती है तथा यह छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के प्रावधानों के प्रतिकूल प्रतीत होता है।

नोटिस के माध्यम से केंद्राध्यक्ष को तीन दिवस के भीतर स्पष्ट एवं तथ्यपरक जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय में उत्तर प्राप्त नहीं होने अथवा उत्तर असंतोषजनक पाए जाने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों में नियुक्त अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बोर्ड परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!