सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग का विशेष अभियान, छात्राओं को किया गया जागरूक
सारंगढ़-बिलाईगढ़। बेटियों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने और उनके स्वस्थ भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्राम पंचायत गाताडीह स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 14 वर्षीय बालिकाओं को HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) का टीका लगाया गया। सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे इस विशेष टीकाकरण अभियान के तहत छात्राओं को न केवल टीका लगाया गया, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को HPV संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर के कारणों, लक्षणों एवं समय पर टीकाकरण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि किशोरावस्था में लगाया गया HPV टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में प्रभावी माना जाता है।
ग्राम पंचायत गाताडीह के सरपंच अमर सिंह नेताम ने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बेटियों का स्वास्थ्य सुरक्षित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित यह अभियान बालिकाओं को गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करने के साथ ही उन्हें स्वस्थ एवं सशक्त जीवन की ओर अग्रसर करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं का लाभ अपनी बेटियों तक अवश्य पहुंचाएं।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, स्वास्थ्य विभाग की टीम एवं छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। उपस्थित जनों ने इस पहल को “स्वस्थ बेटी, सशक्त भारत” के संकल्प को साकार करने वाला सराहनीय कदम बताते हुए इसकी प्रशंसा की। स्वास्थ्य विभाग ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता एवं टीकाकरण कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखने की बात कही।
