सारंगढ़-बिलाईगढ़। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्यों के लिए हेमन्त श्रीवास को “स्व. श्री हरिवंश मिश्र राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत द्वारा 15 जुलाई को रायपुर में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है और शिक्षकों के बीच गौरव का माहौल है।
समारोह के मुख्य अतिथि हरिभूमि समूह के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय शिक्षा अंजोर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पूर्णानंद मिश्रा ने की। राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. प्रज्ञा सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
संस्था के अनुसार इस वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए देशभर से लगभग 700 आवेदन प्राप्त हुए थे। राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों के उच्चस्तरीय पैनल द्वारा सभी आवेदनों का गहन अध्ययन, मूल्यांकन एवं सत्यापन किया गया। पारदर्शी एवं गुणवत्ता आधारित चयन प्रक्रिया के बाद उत्कृष्ट शिक्षकों का चयन किया गया।
हेमन्त श्रीवास को शिक्षा में नवाचार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, बाल-केंद्रित शिक्षण, डिजिटल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। संस्था ने इसे केवल पुरस्कार नहीं, बल्कि शिक्षा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित शिक्षकों का राष्ट्रीय अभिनंदन बताया है।
कार्यक्रम स्वर्गीय हरिवंश मिश्र की पुण्य स्मृति को समर्पित था, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन शिक्षा, अनुशासन एवं समाज सेवा को समर्पित किया। संस्था के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जितेन्द्र मिश्रा ने कहा कि यह आयोजन देशभर के शिक्षकों को एक साझा मंच प्रदान कर शिक्षा में उत्कृष्ट कार्यों को प्रोत्साहित करता है।
हेमन्त श्रीवास की इस उपलब्धि पर प्रधान पाठक चंद्रवती दिव्य, स्कूल समन्वयक वीरेंद्र कुमार कौशल, शिक्षक चन्द्रकिरण सिदार, सरपंच बृजकिशोर अजगल्ले तथा शाला विकास समिति के सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
