सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के विवाद में फावड़े से जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार



जांजगीर-चांपा
जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम किरीत में सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी ने रंजिशवश एक व्यक्ति पर फावड़े से जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी राजन पात्रे ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 जुलाई 2026 को वह सचिव के साथ तालाब ठेका संबंधी निविदा सूचना जारी कराने गया था। इसी दौरान गांव के संतोष साहू से मुलाकात हुई। बताया गया कि आरोपी द्वारा गोठान के पास स्थित सरकारी भूमि पर कथित अवैध कब्जा किया गया है, जिसे हटाने के लिए पंचायत की ओर से तीन बार नोटिस जारी किया जा चुका था।
इसी बात को लेकर आरोपी भड़क गया और प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने अपने पास रखे फावड़े से प्रार्थी के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रार्थी को साथियों द्वारा तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की सूचना पर थाना नवागढ़ में अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष साहू (52 वर्ष), निवासी ग्राम किरीत को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर जब्त कर लिया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय एवं नवागढ़ थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!