युवा कौशल दिवस पर छात्राओं को करियर मार्गदर्शन एवं कौशल विकास की दी गई जानकारी

लगभग 300 छात्राओं ने लिया लाभ, निःशुल्क प्रशिक्षण एवं स्वरोजगार के अवसरों से कराया गया अवगत

बीजापुर सदाशिव राना

युवा कौशल दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय परिसर, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के अंतर्गत संचालित कन्या शिक्षा परिसर विद्यालय, बीजापुर के प्रांगण में करियर काउंसलिंग एवं कौशल विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 छात्राओं ने भाग लिया।
कलेक्टर विश्वदीप के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों एवं युवाओं को भविष्य के लिए सक्षम, आत्मनिर्भर एवं रोजगारोन्मुख बनाना था। कार्यक्रम में 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा, स्वरोजगार एवं व्यवसाय के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने बताया कि छात्राएं विभाग द्वारा संचालित विभिन्न निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़कर रोजगारपरक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकती हैं तथा प्रशिक्षण के पश्चात स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं। साथ ही किशोरी बालिकाओं एवं शाला त्यागी बच्चों को भी इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़कर अपने कौशल का विकास करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को विभिन्न शैक्षणिक एवं व्यावसायिक अवसरों, रोजगार की संभावनाओं तथा कौशल विकास से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। साथ ही उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप करियर चयन के लिए विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन भी दिया गया।
बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में व्यावहारिक कौशल विकसित करने पर विशेष बल दिया गया, जिससे वे भविष्य में रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम का आयोजन जिला, विकासखंड एवं परियोजना स्तर पर किया गया। इसके सफल संचालन में स्कूल शिक्षा विभाग, रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!