जिला मुख्यालय के समीप जर्जर सड़क बनी हादसों का कारण, डर के साये में जी रहे ग्रामीण


जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम पंचायत जर्वे की मुख्य सड़क अपनी बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन गई है। यह मार्ग कई महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालयों तथा नेशनल हाईवे को जोड़ता है, लेकिन वर्षों से इसकी मरम्मत और निर्माण की ओर जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित विभाग का ध्यान नहीं गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पूरी तरह जर्जर और गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। प्रतिदिन सैकड़ों वाहन, स्कूली बच्चे, मरीज और आम नागरिक इसी रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन हर सफर किसी खतरे से कम नहीं है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटना का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि केवल चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन सड़क जैसी बुनियादी समस्या को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। लोगों का कहना है कि वे डर के साये में सफर करने को मजबूर हैं और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि इस सड़क का तत्काल सर्वे कराकर उच्च गुणवत्ता के साथ मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सके। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो कभी भी कोई गंभीर हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!