मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होते ही विभाग ने की त्वरित कार्रवाई, सिपाही गांव के युवक को मिला डिजिटल सेवा का लाभ
मुंगेली । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन और जनसेवा के संकल्प को साकार करने में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 प्रभावी माध्यम बनकर उभर रही है। जिले में हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है। इसका सकारात्मक उदाहरण मुंगेली विकासखंड के ग्राम सिपाही निवासी सुखीराम के मामले में देखने को मिला, जिन्हें कम समय में लर्निंग लाइसेंस उपलब्ध कराया गया।
हेल्पलाइन पर दर्ज कराई थी शिकायत
सुखीराम ने बताया कि उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने में आ रही परेशानी को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर अपनी मांग दर्ज कराई थी। शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए उनका लर्निंग लाइसेंस तैयार कर उपलब्ध करा दिया।
कार्यालयों के चक्कर से मिली राहत
लर्निंग लाइसेंस मिलने के बाद सुखीराम ने खुशी जताते हुए कहा कि पहले इस तरह की सेवाओं के लिए कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से उनकी समस्या का त्वरित समाधान हो गया और बिना अनावश्यक परेशानी के उन्हें सेवा का लाभ मिल गया।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डिजिटल व्यवस्था से ग्रामीणों को भी अब सरकारी सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो रही हैं।
डिजिटल पहल से बढ़ रहा लोगों का भरोसा
जिला प्रशासन के अनुसार, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनहितकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।
प्रशासन का कहना है कि शासन की डिजिटल और जन-केंद्रित पहलें अब ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं, जिससे आम नागरिकों का प्रशासन के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
