जिला पंचायत अध्यक्ष ने बरमकेला क्षेत्र का किया दौरा, स्कूल, आंगनबाड़ी और स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने बरमकेला विकासखंड के ग्राम बम्हनीपाली, सिंगापुर सहित कई गांवों का दौरा कर विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मितानिनों, आंगनबाड़ी सहायिकाओं और ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र की स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।

भ्रमण के दौरान गांवों में लेप्रोसी, टीबी, फाइलेरिया और शुगर जैसी बीमारियों की स्थिति की समीक्षा की गई। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के 12 गांवों में 11 लेप्रोसी, 3 टीबी, 15 फाइलेरिया तथा कई शुगर के मरीज चिन्हित हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी मरीजों को नियमित दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं और उनकी स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई गई।

दौरे के दौरान बम्हनीपाली प्राथमिक शाला विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यहां पदस्थ शिक्षक अनुराग वर्मा बच्चों को नियमित पढ़ाई के साथ जवाहर उत्कर्ष, नवोदय विद्यालय और सैनिक स्कूल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की भी तैयारी कराते हैं। बेहतर शिक्षण व्यवस्था के कारण आसपास के गांवों के बच्चे भी इस विद्यालय में पढ़ने आते हैं।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और सामान्य ज्ञान का भी आकलन किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों की प्रतिबद्धता सबसे महत्वपूर्ण है।

उन्होंने बम्हनीपाली विद्यालय, शिक्षक अनुराग वर्मा और उनकी पूरी टीम को उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि ऐसे शिक्षक शासकीय शिक्षा व्यवस्था के लिए प्रेरणास्रोत हैं। साथ ही अन्य विद्यालयों के शिक्षकों से भी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए ऐसे प्रयास अपनाने की अपील की।

दौरे के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि इस निरीक्षण का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और आंगनबाड़ी सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन कर उसे शासन तक पहुंचाना है, ताकि आवश्यक सुधार और सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!