सरसींवा। दिल्ली के जंतर-मंतर में युवाओं पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को सरसींवा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया। ब्लॉक युवा कांग्रेस के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
कार्यकर्ताओं ने सरसींवा बस स्टैंड से नारेबाजी करते हुए पेंड्रावन-हसौद मार्ग स्थित चौक तक रैली निकाली और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। इस दौरान पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को पुतला दहन से रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं ने पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में बिलाईगढ़ विधायक कविता प्राण लहरे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सहित कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभा को संबोधित करते हुए विधायक कविता प्राण लहरे ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने पहुंचे युवाओं पर बल प्रयोग लोकतंत्र की मूल भावना के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में असहमति के स्वर को दबाने के बजाय उसका सम्मान किया जाना चाहिए।
वहीं, कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं ने आमजन का जीवन प्रभावित किया है। उनका आरोप है कि केंद्र सरकार की नीतियों का सबसे अधिक बोझ गरीब, किसान, युवा और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने युवाओं के सम्मान, लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार से जवाबदेही की मांग की। नेताओं ने युवाओं पर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग उठाई।
