जांजगीर-चांपा/नवागढ़: कनाई से पचेड़ा तक नहर किनारे हाल ही में बनाई गई पक्की सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़क का निर्माण हुए अभी लगभग दो महीने ही हुए हैं, लेकिन कई स्थानों पर सड़क उखड़ने लगी है और उसकी सतह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण नई सड़क इतनी कम अवधि में ही खराब होने लगी। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप हुआ होता, तो सड़क इतनी जल्दी क्षतिग्रस्त नहीं होती।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए। यदि जांच में निर्माण में अनियमितता या लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए और सड़क की गुणवत्ता के अनुरूप पुनः मरम्मत या निर्माण कराया जाए।
अब सवाल यह है कि जब नई सड़क मात्र दो महीने में ही खराब होने लगे, तो निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सरकारी धन के उपयोग पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
