सलिहा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : हरियाणा के दो तस्कर 8.656 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार

टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल से हो रहा था गांजे का परिवहन, 1.75 लाख रुपये का मादक पदार्थ एवं वाहन जब्त

सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सलिहा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वाहन चेकिंग के दौरान हरियाणा के दो आरोपियों को 8.656 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा एवं मोटरसाइकिल समेत कुल 1 लाख 75 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय के निर्देशन में तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बिलाईगढ़ विजय कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पुरेन्द्र मल्होत्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को थाना सलिहा के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान दो युवक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल (एचआर-50-एम-2830) से बसना रोड की ओर से आते दिखाई दिए। संदेह होने पर पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान चालक ओमप्रकाश सिंह (29 वर्ष), निवासी ग्राम बनचरी, थाना मुड़कटी, जिला पलवल (हरियाणा) के कंधे पर टंगे काले बैग से 5.175 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं पीछे बैठे जीतन (23 वर्ष), निवासी ग्राम हसनपुर, थाना हसनपुर, जिला पलवल (हरियाणा) के कब्जे से 3.479 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। दोनों आरोपियों के पास से कुल 8.656 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 85 हजार रुपये तथा मोटरसाइकिल की कीमत 90 हजार रुपये आंकी गई है। इस प्रकार पुलिस ने कुल 1 लाख 75 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना सलिहा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!