छेरकापुर में शिक्षा सुधार की दिशा में कदम, एसडीएमसी की कमान मंतराम साहू को; चौवाराम साहू बने उपाध्यक्ष*

पलारी, 27 जुलाई। विकासखंड पलारी अंतर्गत ग्राम छेरकापुर स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में शाला विकास प्रबंधन समिति (एसडीएमसी) के पुनर्गठन को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभिभावकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय परिवार की उपस्थिति में समिति का गठन किया गया। सर्वसम्मति से मंतराम साहू को समिति का अध्यक्ष तथा चौवाराम साहू को उपाध्यक्ष निर्वाचित किया गया।

समिति विद्यालय और समाज के बीच महत्वपूर्ण कड़ी: प्रधान पाठक
बैठक को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधान पाठक बिहारी लाल साहू ने कहा कि शाला विकास प्रबंधन समिति विद्यालय और समाज के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि समिति के सक्रिय सहयोग से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक मोतीराम फेकर, श्रीमती गायत्री पटेल, रंजीत कुर्रे, विद्या कश्यप एवं मारकंडेय ने भी शैक्षणिक व्यवस्थाओं, विद्यार्थियों की नियमितता और शिक्षा की गुणवत्ता को लेकर अपने विचार रखे तथा अभिभावकों का मार्गदर्शन किया।

विद्यालय के सर्वांगीण विकास को देंगे प्राथमिकता: अध्यक्ष
नवनिर्वाचित अध्यक्ष मंतराम साहू ने कहा कि बच्चों की बेहतर शिक्षा, विद्यालय का सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण तैयार करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने विद्यालय विकास के लिए अभिभावकों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों से निरंतर सहयोग की अपील की।

छात्र-छात्राओं को वितरित किए गए निःशुल्क गणवेश और पाठ्य-पुस्तकें
बैठक के बाद शासन की योजना के तहत विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क गणवेश एवं पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया गया। नई पुस्तकें और गणवेश पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर ग्राम सरपंच श्रीमती कुमुदनी साहू, उपसरपंच पंकज साहू, प्रधान पाठक बिहारी लाल साहू, शिक्षकगण मोतीराम फेकर, श्रीमती गायत्री पटेल, रंजीत कुर्रे, विद्या कश्यप एवं मारकंडेय सहित समिति सदस्य तेजराम बंजारे, भानुराम साहू, घनश्याम साहू, त्रिभुवन साहू, श्रीमती रुखमणी घृतलहरे, अंजनी, ओमप्रकाश फेकर, गोविंदराम साहू एवं अजय बंजारे तथा बड़ी संख्या में अभिभावक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!